अमन खान इंकलाबी राजगढ़
मध्यप्रदेश सरकार के राज्य मंत्री नारायण सिंह पंवार के सेमलापुर गांव स्थित मकान में चोरों ने बोला धावा, नकदी और सामान चुराकर ले गए।
राजगढ, मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में चोरी की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। इस बार चोरों ने मध्यप्रदेश के राज्य मंत्री नारायण सिंह पंवार के पैतृत मकान को अपना निशाना बनाया। जिले के सेमलापुर गांव में स्थित राज्य मंत्री नारायण सिंह पंवार के घर से चोर 80 हजार रुपये नकद चुराकर ले गए हैं। गुरुवार-शुक्रवार की रात चोरी की वारदात हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पत्नी पहुंची तो बिखरा मिला सामान
पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम राज्यमंत्री की पत्नी ब्यावरा आ गई थीं, जिसके बाद रात में मकान सूना था। शुक्रवार सुबह परिवार के लोग सेमलापार पहुंचे तो घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी में रखी नकदी गायब थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। राजेंद्र पंवार की शिकायत पर सुठालिया थाने में चोरी का मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई है।
मकान में चल रहा निर्माण, आसपास से खुला
बताया जा रहा है कि मकान में फिलहाल निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण के कारण मकान आसपास से खुला हुआ है। यहां कुछ मजदूरों के रहने की भी जानकारी है। पुलिस आसपास के लोगों और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।
टीआई बोले- सूने घर को बनाया निशाना
सुठालिया थाना प्रभारी अनिल राहोरिया ने बताया कि मकान में ताला लगा हुआ था और घर सूना था। अलमारी का ताला तोड़कर करीब 80 हजार रुपए नकद चोरी किए गए हैं। राजेंद्र पंवार की शिकायत पर मामला पंजीबद्ध किया गया है और जांच की जा रही है।
एसडीओपी ने कहा- आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही
ब्यावरा एसडीओपी प्रकाश शर्मा ने बताया कि सुठालिया थाने में चोरी की शिकायत मिली है और मामले को जांच में लिया गया है। संबंधित थाना प्रभारी जांच कर रहे हैं। मकान में निर्माण कार्य चल रहा है, इसलिए आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
