जिला फुटकर व्यापारी संघ ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, सीएमओ सहित जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग :
हरदा जिले कि तहसील सिराली के नगर परिषद सिराली में कथित भ्रष्टाचार, निर्माण कार्यों में अनियमितताओं और नागरिकों की समस्याओं की अनदेखी को लेकर जिला फुटकर व्यापारी संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ के अध्यक्ष शेख असलम ने 30 अक्टूबर 2026 को जिला कलेक्टर कुमार सत्यम के नाम ज्ञापन सौंपकर नगर परिषद की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पूर्व में कई बार आवेदन देने और समाचार पत्रों में समस्याएं प्रकाशित होने के बावजूद नगर परिषद स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल
ज्ञापन में नगर में निर्माणाधीन स्मार्ट रोड और नालियों के निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है। संघ का कहना है कि निर्माण कार्यों में ठेकेदारों और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से घटिया सामग्री का इस्तेमाल किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। संघ ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराए जाने की मांग की है।
बाजार में पेयजल और सफाई व्यवस्था बदहाल
ज्ञापन के अनुसार, नगर के मुख्य बाजार क्षेत्र में व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। वहीं, साफ-सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए हैं। व्यापारियों का कहना है कि नगर की मूलभूत सुविधाओं में सुधार नहीं होने से नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सरकारी योजनाओं की राशि में गड़बड़ी का आरोप
जिला फुटकर व्यापारी संघ ने प्रधानमंत्री रोजगार योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं के तहत कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि तीन व्यक्तियों के खातों से फर्जी तरीके से राशि निकाले जाने का गंभीर मामला सामने आया है। संघ ने संबंधित प्रकरण की जांच कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।
आपदा के समय सहायता नहीं मिलने का आरोप
ज्ञापन में नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीएमओ की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं। संघ ने आरोप लगाया कि बाढ़ जैसी गंभीर आपदा के दौरान प्रभावित लोगों को अपेक्षित सहायता नहीं मिली। इसके अलावा, विक्रमपुर कलां में आग लगने की घटना के दौरान भी नगर परिषद की ओर से पीड़ितों को शासकीय सहायता या राहत उपलब्ध नहीं कराए जाने की बात कही गई है। इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।
सुरक्षा के लिए नहीं लगे सीसीटीवी कैमरे
नगर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी ज्ञापन में चिंता जताई गई है। संघ का आरोप है कि नगर में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगाये हैं, जिससे निगरानी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। संघ ने चौक चौराहों पर तत्काल कैमरे लगाने की मांग की है।
15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
जिला फुटकर व्यापारी संघ ने कलेक्टर से मांग की है कि नगर परिषद सिराली में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही, कर्तव्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए और नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि आगामी 15 दिनों के भीतर समस्याओं का ठोस निराकरण नहीं किया गया, तो जिला फुटकर व्यापारी संघ और नगरवासी जन आंदोलन एवं धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। संघ ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन की जिम्मेदारी जिला एवं पुलिस प्रशासन की होगी।


