Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

जीरापुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, मिठाइयों के नमूने लिए, 10 किलो जला हुआ तेल नष्ट कराया : nn81

 





 श्री सीताराम कृपा रेस्टोरेंट और स्टूडेंट टी स्टॉल का निरीक्षण, नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा: 

     कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच की कार्रवाई निरंतर की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री एस.एस. खत्री द्वारा तहसील जीरापुर के बस स्टैंड स्थित श्री सीताराम कृपा रेस्टोरेंट एवं स्टूडेंट टी स्टॉल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान श्री सीताराम कृपा रेस्टोरेंट से मावा, मलाई बर्फी एवं पालक बड़े तथा स्टूडेंट टी स्टॉल से मावा पेड़ा, गुलाब जामुन एवं मिल्क केक के नमूने लिए गए। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

      निरीक्षण के दौरान सीताराम कृपा रेस्टोरेंट में पालक बड़ा बनाने के लिए कढ़ाई में जले हुए सोयाबीन तेल का उपयोग किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी की कार्रवाई के दौरान संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता से मौके पर ही लगभग 10 किलोग्राम जला हुआ तेल नष्ट कराया गया। जिसकी अनुमानित कीमत 1,600 रुपये बताई गई। इसी तेल से निर्मित पालक बड़े का नमूना भी जांच के लिए लिया गया है। निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, खाद्य अनुज्ञप्ति तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने संबंधित संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
 
     खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की रक्षा के उद्देश्य से निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रखी जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes