लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 151वीं जयंती के अवसर पर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता की दिलाई गई शपथ:
जनपद हमीरपुर में लौह पुरुष, भारत रत्न एवं देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री तथा गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 151वीं जयंती के अवसर पर जनपद हमीरपुर पुलिस द्वारा राष्ट्रीय एकता, अखण्डता एवं देश की संप्रभुता के प्रति समर्पण के भाव के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर श्रीमान पुलिस अधीक्षक हमीरपुर द्वारा सर्वप्रथम दीप प्रज्वलित कर सरदार वल्लभभाई पटेल जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। तत्पश्चात उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखण्डता और सुरक्षा को बनाए रखने तथा देशवासियों के मध्य आपसी सद्भाव एवं भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल जी के व्यक्तित्व का स्मरण करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान, दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता एवं नेतृत्व क्षमता पर प्रकाश डाला गया। देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर अखण्ड भारत के निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को याद करते हुए उनके आदर्शों एवं विचारों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर श्रीमान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता एवं अखण्डता को अक्षुण्ण बनाए रखने, आपसी सौहार्द एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने तथा पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर, क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी यातायात सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
दिलीप राजपूत
जिला संवाददाता
हमीरपुर ( यू पी )



