संवाददाता : प्रहलाद कुमार सिन्हा
वन अधिकार अधिनियम एवं पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर राज्य स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित
सामुदायिक वन संसाधनों के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रबंधन पर हुआ विस्तृत विचार-विमर्श
कोण्डागांव, 29 सितम्बर 2026/ कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सोमवार को वन अधिकार अधिनियम 2006 एवं पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु गठित राज्य स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, राज्य स्तरीय टास्क फोर्स समिति के सदस्य श्री कृष्णकुमार वैष्णव एवं श्री सुबोध कुमार पांडे सहित वनमण्डलाधिकारी कोण्डागांव एवं केशकाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई तथा सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री कृपेंद्र तिवारी उपस्थित रहे।
बैठक में कोण्डागांव जिले में वन अधिकार पत्र के लिए प्राप्त दावों के निराकृत एवं लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही सामुदायिक वन संसाधनों के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दिशा में संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक तकनीकी सहयोग तथा सीएसओ, एनजीओ एवं स्थानीय संस्थाओं की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में डीए-जेजीयूए (DA-JGUA) के अंतर्गत वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत सामुदायिक वन संसाधनों के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रबंधन योजना के क्रियान्वयन के लिए कोण्डागांव जिले में सीएफआरआर प्राप्त ग्राम सभाओं के निर्धारित मापदण्ड के अनुसार चयन के संबंध में चर्चा की गई।
इसके अलावा सामुदायिक वन संसाधन अधिकार से संबंधित प्रकरणों में ग्राम सभाओं के मध्य सीमा विवाद के मामलों पर भी चर्चा हुई। ऐसे प्रकरणों को ग्रामों की पारंपरिक सीमाओं के आधार पर तैयार करने के निर्देश दिए गए। वन अधिकार अधिनियम 2006 एवं पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में प्रशिक्षण एवं कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश भी समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए।
बैठक के अंत में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने उपस्थित सभी सदस्यों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया
