लोकेशन - कोयलीबेड़ा( छत्तीसगढ़)
सवांददाता - हेमन्त उसेन्डी
जनपद सदस्य विनोद उसेन्डी ने किया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हायर सेकेंडरी स्कूल और कन्या छात्रावास का निरीक्षण......
जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा के जनपद सदस्य विनोद उसेन्डी ने आज कोयलीबेड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल एवं शासकीय कन्या छात्रावास में औचक भेंट-मुलाकात कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बहुत दिनों बाद क्षेत्र के प्रमुख संस्थानों में पहुंचकर उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और छात्रावास से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
सबसे पहले जनपद सदस्य विनोद उसेन्डी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोयलीबेड़ा पहुंचे। वहां उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता, डॉक्टरों एवं स्टाफ की उपस्थिति और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से भी बात कर उनकी समस्याएं सुनी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से चर्चा करने की बात कही।
इसके बाद वे हायर सेकेंडरी स्कूल कोयलीबेड़ा पहुंचे। स्कूल में उन्होंने छात्र-छात्राओं से पढ़ाई, शिक्षकों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन और स्कूल भवन की स्थिति को लेकर संवाद किया। बच्चों ने भी खुलकर अपनी बातें रखीं।
अंत में वे कन्या छात्रावास पहुंचे, जहां अधीक्षिका मैडम से छात्रावास में रह रही छात्राओं की सुविधाओं को लेकर चर्चा की। छात्रावास में भोजन व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, पढ़ाई के लिए माहौल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने छात्राओं के साथ बैठकर संवाद किया और उनकी पढ़ाई व भविष्य को लेकर प्रोत्साहित भी किया।
जनपद सदस्य उसेन्डी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शिक्षा दो सबसे महत्वपूर्ण विषय हैं। बच्चों को अच्छी शिक्षा और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले, इसके लिए जनप्रतिनिधि होने के नाते लगातार प्रयास किया जा रहा है। छात्रावास में रहने वाली बेटियां हमारे क्षेत्र का भविष्य हैं, उनकी हर समस्या का समाधान करना हमारी प्राथमिकता है।
इस पूरे भ्रमण के दौरान उनके साथ उनके साथी संदीप आचला उपस्थित रहे।
