विजय पाल चतुर्वेदी
जनपद- सिद्धार्थनगर
एआई वीडियो विवाद पर राघवेन्द्र प्रताप सिंह का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- धर्मगुरु का अपमान पूरे हिंदू समाज का अपमान :
डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर-समाजवादी पार्टी के लखनऊ कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संबंधित एक कथित एआई-जनरेटेड वीडियो दिखाए जाने के मामले को लेकर प्रभारी हिन्दू युवा वाहिनी उत्तर प्रदेश एवं पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने बुधवार को वीडियो जारी कर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए इस कृत्य की निंदा की।
राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने अपने वीडियो बयान में आरोप लगाया कि एआई तकनीक के माध्यम से गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ को फिल्मी गाने के साथ सिगरेट और गांजा पीते हुए दिखाया गया। उन्होंने इसे अखिलेश यादव की विकृत मानसिकता बताते हुए कहा कि इस तरह की प्रस्तुति धार्मिक भावनाओं और सामाजिक मर्यादाओं का अपमान है।
उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री होने के साथ-साथ गोरक्षपीठाधीश्वर और नाथ संप्रदाय के प्रमुख हैं। मुख्यमंत्री पद पर कौन रहेगा और कौन नहीं, यह अलग विषय है, लेकिन गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में उनकी धार्मिक एवं आध्यात्मिक भूमिका बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के वीडियो को लेकर वह और हिन्दू समाज आहत हैं।
पूर्व विधायक ने अखिलेश यादव के राजनीतिक एवं सार्वजनिक व्यवहार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सैफई महोत्सव और पूर्व में मंच से मुलायम सिंह यादव के साथ हुए कथित व्यवहार का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन लोगों को बड़ों के सम्मान और संस्कार का ज्ञान नहीं है, उनसे इससे अधिक उम्मीद नहीं की जा सकती।
राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि वह कथित वीडियो को लेकर अखिलेश यादव के कृत्य की निंदा और भर्त्सना करते हैं। साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव को संस्कार सीखने की नसीहत देते हुए दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर भारी बहुमत से सरकार बनाएगी और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सरकार का गठन होगा।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन धार्मिक एवं आध्यात्मिक व्यक्तित्वों के सम्मान और सामाजिक मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए।

