रिपोर्ट : पवन अहिरवाल
रॉयल हाइट्स हायर सेकेंडरी स्कूल जीरापुर में धूमधाम से मनाया कृष्ण जन्मोत्सव :
जीरापुर। नगर की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था रॉयल हाइट्स हायर सेकेंडरी स्कूल जीरापुर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था संचालक रणधीर सिंह चौहान, संस्था प्रबंधक यशवर्धन सिंह एवं प्राचार्य शैलेंद्र जोशी द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं आरती कर किया गया।
कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर विद्यालय में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा का मनमोहक स्वरूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं भजनों पर सुंदर प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। नन्हे-नन्हे कान्हा और राधा के रूप में सजे बच्चों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया और कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
इस अवसर पर संस्था संचालक रणधीर सिंह चौहान ने कहा कि “श्रीकृष्ण जन्मोत्सव केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि यह हमें प्रेम, कर्म, सत्य, सदाचार और जीवन में सकारात्मक सोच का संदेश देता है। बच्चों में भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के प्रति जागरूकता लाना विद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।”
वहीं संस्था प्रबंधक यशवर्धन सिंह ने कहा कि “भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, साहस और कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें अपनी गौरवशाली संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।”
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। नन्हे बच्चों की आकर्षक वेशभूषा एवं मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का मन जीत लिया।
इस अवसर पर सैकड़ों विद्यार्थियों सहित विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भगवान श्रीकृष्ण की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ किया गया।

