भीलवाड़ा की तस्वीर बदलेगी: RUIDP के पंचम चरण में 147.50 करोड़ के विकास कार्य, ड्रेनेज-सीवरेज पर रहेगा फोकस :
भीलवाड़ा राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (RUIDP) के पंचम चरण के तहत भीलवाड़ा शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम सभागार में "RUIDP संवाद" कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें प्रस्तावित विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न हितधारकों से सुझाव आमंत्रित किए गए।
कार्यशाला में अधिकारियों ने बताया कि पंचम चरण के तहत भीलवाड़ा शहर में 147.50 करोड़ रुपये तथा गुलाबपुरा में लगभग 27 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इन कार्यों में ड्रेनेज और सीवरेज व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे शहर की आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा।
प्रदेश स्तर पर इस परियोजना के अंतर्गत 84 नगरीय निकायों की लगभग 1.25 करोड़ आबादी को लाभ मिलेगा। विश्व बैंक और एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से संचालित इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 9500 करोड़ रुपये है।
अधिकारियों ने बताया कि परियोजना तीन प्रमुख अवधारणाओं पर आधारित है—अत्यधिक शहरीकृत क्षेत्रों का समन्वित विकास, प्रमुख शहरों में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण तथा प्रभावी जल एवं अपशिष्ट प्रबंधन। पंचम चरण में भीलवाड़ा सहित प्रदेश के 64 शहरों में सीवरेज कार्य कराए जाएंगे। वहीं, सात प्रमुख जिला मुख्यालयों में शहरी यातायात सुधार एवं आधुनिक परिवहन व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके अलावा 56 शहरों में 701 करोड़ रुपये की लागत से कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किए जाएंगे तथा विरासत संरक्षण एवं पर्यटन विकास के कार्य भी होंगे।
औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए 870 करोड़ रुपये की लागत से सामान्य अपशिष्ट उपचार संयंत्र (CETP) स्थापित किए जाएंगे। परियोजना में जल प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और 7R सिद्धांत—रिथिंक, रिड्यूस, रीयूज़, रीसायकल, रिपेयर, रिफ्यूज़ और रिथिंक—को भी विशेष महत्व दिया गया है।
कार्यशाला में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और विभिन्न हितधारकों ने अपने सुझाव साझा किए। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि प्राप्त सुझावों के आधार पर भीलवाड़ा के लिए समावेशी एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजना तैयार की जाएगी।

