खैरथल, राजस्थान
खैरथल-तिजारा, 5 अगस्त। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी राजस्थान अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (आरयूआईडीपी) फेज-5 के अंतर्गत विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया के तहत 'आरयूआईडीपी संवाद' स्टेक होल्डर कंसल्टेशन कार्यशाला का आयोजन 6 अगस्त 2026 को प्रातः 11:00 बजे नगर परिषद सभागार, भिवाड़ी में किया जाएगा।
कार्यशाला में नगर परिषद भिवाड़ी के जनप्रतिनिधि, पूर्व पार्षद, प्रबुद्धजन, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य स्टेक होल्डर्स भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान आरयूआईडीपी पंचम चरण के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी तथा प्रतिभागियों से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार आरयूआईडीपी फेज-5 भारत सरकार से स्वीकृत हो चुका है। परियोजना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने हेतु सलाहकार फर्म के चयन की प्रक्रिया प्रगति पर है। आगामी समय में सिटी लेवल कमेटी (सीएलसी) के माध्यम से विकास कार्यों का चिन्हीकरण कर डीपीआर तैयार की जाएगी।
प्रशासन ने सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं अन्य स्टेक होल्डर्स से निर्धारित समय पर कार्यशाला में उपस्थित होकर अपने सुझाव एवं फीडबैक देने की अपील की है, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को परियोजना में शामिल किया जा सके।


