रघुनाथनगर क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रघुनाथनगर के लिए स्वीकृत नवीन शासकीय महाविद्यालय को अन्य स्थान पर स्थापित किए जाने की संभावित चर्चाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई तथा इसे क्षेत्र के हितों के विरुद्ध बताया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि रघुनाथनगर क्षेत्र लंबे समय से उच्च शिक्षा संस्थान की मांग करता रहा है। शासन द्वारा महाविद्यालय की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों में उत्साह का माहौल बना था। यदि किसी राजनीतिक दबाव, व्यक्तिगत स्वार्थ अथवा अन्य कारणों से महाविद्यालय को रघुनाथनगर से हटाकर किसी अन्य स्थान पर स्थापित करने का प्रयास किया जाता है, तो यह क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय होगा।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रघुनाथनगर के अधिकारों एवं विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि शासन-प्रशासन द्वारा महाविद्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित करने का निर्णय लिया जाता है, तो क्षेत्रवासी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन प्रारंभ करेंगे।
आंदोलन के तहत सर्वप्रथम ज्ञापन एवं जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इसके पश्चात धरना-प्रदर्शन, क्रमिक भूख हड़ताल, विशाल जनसभा, चक्का जाम तथा आवश्यक होने पर उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर न्यायिक लड़ाई भी लड़ी जाएगी। बैठक में उपस्थित लोगों ने स्पष्ट कहा कि रघुनाथनगर के नाम पर स्वीकृत महाविद्यालय किसी भी स्थिति में दूसरे स्थान पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि रघुनाथनगर शिक्षा, व्यापार एवं सामाजिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां आसपास के दर्जनों गांवों के छात्र-छात्राएं अध्ययन हेतु आते हैं। महाविद्यालय की स्थापना से हजारों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र का शैक्षणिक विकास होगा।
बैठक में मुख्यमंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री, , कलेक्टर एवं संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन भेजकर रघुनाथनगर में ही महाविद्यालय निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में कहा कि—
"रघुनाथनगर का कॉलेज रघुनाथनगर में ही बनेगा।"
"कॉलेज के लिए जो जमीन अलॉट हुआ है उसी जगह पे बने जिसका खसरा नंबर 900,893 है जो क्यों समस्त जानकारी ऑनलाइन में महाविद्यालय के नाम है।।
"क्षेत्र के अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"
"विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगे।"
जनता ने शासन एवं प्रशासन से मांग की है कि रघुनाथनगर की भावनाओं का सम्मान करते हुए महाविद्यालय को स्वीकृत स्थान पर ही स्थापित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की भ्रमपूर्ण या भ्रामक चर्चाओं पर तत्काल स्पष्ट स्थिति सार्वजनिक की जाए।
"कॉलेज हमारा अधिकार है, इसे किसी भी कीमत पर दूसरे स्थान पर नहीं जाने देंगे।"
इस बैठक में उपस्थित ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं समस्त ग्राम पंचायत निवासी उपस्थित रहे।
न्यूज नेशन 81 टेलीविजन चैनल से (district correspondent) बलरामपुर लालबाबु जायसवाल की रिपोर्ट
