साहिबगंज में मंत्री दीपक बिरुआ ने की प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा, बाढ़ राहत और भूमि सर्वे में तेजी लाने के निर्देश :
साहिबगंज :राज्य के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार तथा परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ की अध्यक्षता में मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में राजमहल विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा, झामुमो के केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा, पूर्व मंत्री आलमगीर आलम, झामुमो जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, उपायुक्त दीपक कुमार दुबे एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में बाढ़ की संभावित स्थिति, आपदा प्रबंधन, राहत कार्यों तथा भूमि सर्वे की प्रगति की समीक्षा की गई। राजमहल विधायक एमटी राजा ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में समय रहते राहत सामग्री, नाव और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्षों से राहत कार्य में लगे नाविकों का बकाया भुगतान लंबित रहने से बाढ़ के दौरान नावों की उपलब्धता प्रभावित होती है। साथ ही मवेशियों की सुरक्षा के लिए ऊंचे चबूतरों के निर्माण और रजिस्टर-2 में कथित अनियमितताओं की जांच कर नियमित रूप से रसीद निर्गत करने की मांग उठाई।
विधायक ने भूमि सर्वे कार्य में तेजी लाने तथा राजमहल में कैंप कार्यालय खोलने का भी सुझाव दिया, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने बताया कि नाविकों के बकाया भुगतान के लिए राज्य सरकार को आवंटन का प्रस्ताव भेज दिया गया है। राशि उपलब्ध होते ही भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भूमि सर्वे कार्य को गति देने के लिए अतिरिक्त एसीओ सहित पांच अधिकारियों एवं कर्मचारियों की आवश्यकता है।इस पर मंत्री दीपक बिरुआ ने अधिकारियों को आवश्यक कर्मियों की मांग से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र भेजने का निर्देश देते हुए आश्वासन दिया कि राज्य स्तर पर त्वरित पहल कर सर्वे कार्य के लिए आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा।

