संवाददाता : विकास सिंह
स्थान: भैरमगढ़, जिला / बीजापुर
पोटाकेबिन की छात्रा के गर्भवती होने से हड़कंप, मामले को दबाने के लिए काट दी गई टीसी! :
भैरमगढ़ (बीजापुर)। जिले के भैरमगढ़ विकासखंड स्थित कन्या पोटाकेबिन आवासीय विद्यालय में एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां अध्ययनरत एक नाबालिग छात्रा के गर्भवती होने की जानकारी सामने आते ही पूरे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा के गर्भवती होने की बात का पता चलते ही विद्यालय की अधीक्षिका द्वारा मामले को दबाने का प्रयास किया गया। आरोप है कि नियमानुसार जिला प्रशासन और पुलिस को सूचना देने के बजाय, अधीक्षिका ने आनन-फानन में गर्भवती नाबालिग छात्रा की टीसी (स्थानांतरण प्रमाण पत्र) काट कर उसे घर भेज दिया।
यह घटना पोटाकेबिन जैसे अतिसंवेदनशील आवासीय विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पोटाकेबिन में नक्सल प्रभावित क्षेत्र की आदिवासी छात्राएं रहकर पढ़ाई करती हैं, जिनकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और अधीक्षिका की होती है।
कई सवाल अनुत्तरित:
1. छात्रा कब और कैसे गर्भवती हुई? क्या यह यौन शोषण का मामला है?
2. इसकी जानकारी अधीक्षिका को पहले से थी या नहीं?
3. बिना मेडिकल जांच और पुलिस को सूचना दिए टीसी काटना क्या पॉक्सो एक्ट का उल्लंघन नहीं है?
इस संबंध में जब अधीक्षिका से पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उनका कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। वहीं जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है, जांच कराई जा रही है।
क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पीड़ित छात्रा को न्याय और समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग उठ रही है।

.jpeg)