इंसान को कुरीतियों से दूर रखना है तो कराएं ब्रह्मा कुमारी आश्रम में एक महीने का प्रवास :
फलाहारी महाराज ने लिखा प्रधानमंत्री को पत्र :
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर मस्जिद केस के याचिका कर्ता दिनेश फलाहारी महाराज ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि इंसान को यदि भ्रष्टाचार, चंदा चोरी,दुराचार , क्रोध, माया मोह आदि गन्दी कुरीतियों से दूर रखना है तो ब्रह्माकुमारी आश्रम में एक महीने का प्रवास अवश्य कराएं ,उन्होंने कहा कि हमने स्वयं जाकर ब्रह्मा कुमारी आश्रम में देखा है कि वहां पर कलयुग का वास नहीं है । गन्दी कुरीतियां आश्रम के बहिन और भाइयों में नहीं हैं। इन आश्रमों में सुबह 3 बजे जागना होता है, भजन, योग साधना, मुरली के ज्ञान से सभी बहिन भाइयों को पवित्र इंसान बना दिया जाता है। सभी अतिथियों को स्वयं बहिन भाइयों के द्वारा प्रसाद बना कर शांत माहौल में खिलाया जाता है, इतनी हरियाली और स्वच्छता, पवित्रता तो हमने लंदन में भी नहीं देखी, इन आश्रमों में सभी मोर, चिड़िया, गिलहरी आदि पशु,पक्षी इन बहिन भाइयों के हाथों से दाना चुगते हैं। मुझे अहंकार था कि भोजन और पादुका छोड़कर, मैं बहुत बड़ी तपस्या कर रहा हूं, लेकिन जब मैंने ब्रह्मा कुमारी आश्रम के बहिन भाइयों की साधना और तपस्या देखी तो मेरा अहंकार भी दूर हो गया ।वंहा पर सोलह कलाओं में निपुण, अखंड भारत के मालिक श्री कृष्ण के विग्रह को कोई एक बार देख लेगा तो अपनी सुध बुध भूल जाएगा। ये आश्रम 140 देशों में बहिनें ही संचालित करती हैं। किसी भी बहिन का आश्रम से यदि ट्रांसफर हो जाता है तो निर्मल भाव से दूसरे आश्रम पर चली जाती है, कभी कोई सिफारिश नहीं लगाती हैं, और सेवा में लगी रहती हैं। आश्रम में रहने वाले भाई बहन कभी किसी से गिफ्ट या लिफाफा नहीं लेते हैं। हम लोग कलयुगी इंसान हैं जो माया को इकट्ठा करने में लगे हुए हैं ,यदि वास्तव में अच्छे इंसान देखने हैं तो ब्रह्माकुमारी आश्रम में एक बार जरूर जाएं। मोदी जी आप हमारे हिंदुओं के गौरव हैं, आप इस भारत को विश्व गुरु बनाना चाहते हैं, आप जिनको भी उच्च पदों पर विराजमान करते हों तो पहले उनके अंदर की कुरीतियों को समाप्त करने के लिए ब्रह्मा कुमारी आश्रम, माउंट आबू, राजस्थान,में एक महीने का प्रवास अवश्य कराएं जिससे वो मोह माया को त्याग कर अच्छे इंसान बन कर देश सेवा में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।


