Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

जल जीवन मिशन की योजनाओं का एडीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, टुल्लू पंप के अवैध उपयोग एवं नलों को क्षतिग्रस्त करने पर दी कड़ी हिदायत : NN81

 

संवाददाता : दिलीप राजपूत 

जनपद हमीरपुर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित पेयजल योजनाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री विजय सिंह द्वारा विकास खंड कुरारा के ग्राम जखेला एवं पचखुरा में स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान जलापूर्ति व्यवस्था में आ रही समस्याओं तथा ग्रामीणों द्वारा किए जा रहे अनधिकृत उपयोग एवं सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की स्थिति का जायजा लिया गया।

ग्राम जखेला में निरीक्षण के दौरान जलापूर्ति पाइपलाइन पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों द्वारा टुल्लू पंप लगाए जाने की जानकारी सामने आई। लगभग 300 लोगों द्वारा पाइपलाइन से सीधे टुल्लू पंप के माध्यम से पानी खींचे जाने के कारण जलापूर्ति का दबाव प्रभावित हो रहा था, जिससे पाइपलाइन के अंतिम छोर (टेल) पर स्थित घरों तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच पा रहा था। ग्रामीणों द्वारा जलापूर्ति में समस्या की शिकायत के बाद प्रशासनिक टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक रिपेयरिंग कार्य के संबंध में निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि जलापूर्ति पाइपलाइन पर सीधे टुल्लू पंप लगाना नियम विरुद्ध है। इससे समान रूप से जलापूर्ति प्रभावित होती है और अंतिम छोर पर रहने वाले परिवारों को पेयजल से वंचित होना पड़ता है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से नलों के माध्यम से निर्धारित जलापूर्ति का उपयोग करने तथा अनधिकृत टुल्लू पंप तत्काल हटाने की अपील की।

वहीं ग्राम पचखुरा में निरीक्षण के दौरान चबूतरों पर स्थापित कई नलों को क्षतिग्रस्त किए जाने की स्थिति सामने आई। क्षतिग्रस्त नलों से पानी लगातार बहकर बर्बाद हो रहा था। इस पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित लोगों को कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्थापित नल एवं अन्य उपकरण सरकारी/सार्वजनिक संपत्ति हैं। इन्हें क्षतिग्रस्त करना न केवल जल की बर्बादी का कारण है, बल्कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की श्रेणी में भी आता है। ग्रामीणों को नलों को सुरक्षित रखने तथा क्षतिग्रस्त नलों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक नियमित एवं पर्याप्त मात्रा में पेयजल पहुंचाना है। इसके लिए पाइपलाइन, नल एवं अन्य जलापूर्ति संरचनाओं की सुरक्षा तथा पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। अनधिकृत रूप से टुल्लू पंप लगाकर पानी खींचने अथवा नलों एवं जलापूर्ति व्यवस्था को क्षति पहुंचाने से अन्य परिवारों की जलापूर्ति प्रभावित होती है।

जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि पानी की बर्बादी रोकें, जलापूर्ति व्यवस्था को नुकसान न पहुंचाएं और अंतिम छोर तक समान रूप से पेयजल पहुंचाने में प्रशासन का सहयोग करें। जल जीवन मिशन की परिसंपत्तियों को क्षति पहुंचाने अथवा जलापूर्ति बाधित करने वाले कृत्यों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes