लखटकिया के हरि सभा प्रांगण में भव्य समारोह, बड़ी संख्या में स्वर्ण व्यवसायी एवं कारीगर हुए शामिल :
असम संबाददाता: गुवाहाटी में निखिल असम स्वर्ण शिल्पी समिति द्वारा गत 9 अगस्त रविवार को लखटकिया स्थित हरि सभा के पावन प्रांगण में संगठन दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में स्वर्ण शिल्पी समाज की एकजुटता, संगठन की मजबूती और समाज के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गरिमामय ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद आयोजित सभा में समाज के वरिष्ठजनों एवं वक्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने, स्वर्ण शिल्पी समाज के अधिकारों की रक्षा, सामाजिक एवं कल्याणकारी योजनाओं तथा भविष्य की कार्यदिशा को लेकर महत्वपूर्ण विचार रखे। समारोह में समाज के अनेक गणमान्य एवं प्रबुद्ध व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें श्री रंजीत अधिकारी, श्री प्रशांत कुमार राय, श्री नयन धार, श्री नरेश प्रसाद, श्री एल. गोपाल सोनी, श्री जितेन शाह, श्री हरिदेव नाथ, श्री रवींद्रनाथ राय, श्री परिमल सरकार, श्री कौशिक कर्मकार तथा श्री साजिद आलम चौधरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
दुकानों एवं प्रतिष्ठानों को बंद रखकर दिया एकजुटता का संदेश
संगठन दिवस के प्रति समाज के सदस्यों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में स्वर्ण व्यवसायियों एवं स्वर्ण कारीगरों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान एवं दुकानें बंद रखकर समारोह में भाग लिया। इस सामूहिक सहभागिता ने संगठन के प्रति समाज की एकजुटता, विश्वास और प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया। समिति की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी स्वर्ण व्यवसायियों, स्वर्ण कारीगरों तथा उपस्थित गणमान्य अतिथियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। समिति के प्रचार सचिव श्री नरेश प्रसाद ने सभी सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि संगठन में ही शक्ति है और समाज की एकता के माध्यम से ही स्वर्ण शिल्पी समाज के अधिकारों की रक्षा एवं प्रगति को नई दिशा दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि संगठन दिवस केवल एक समारोह नहीं, बल्कि समाज को एकजुट होकर अपने अधिकारों, सम्मान और भविष्य के लिए संगठित प्रयास करने का संकल्प लेने का अवसर है।

