रेजिडेंट डॉक्टरों का शांतिपूर्ण आंदोलन जारी, सभी रेजिडेंट्स का लंबित वेतन जारी होने तक संघर्ष रहेगा :
भीलवाड़ा रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन (RDA) ने स्पष्ट किया है कि लंबित स्टाइपेंड/वेतन भुगतान को लेकर चल रहा आंदोलन पूर्णतः शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं अनुशासित तरीके से जारी है। संगठन ने कहा है कि जब तक प्रत्येक पात्र रेजिडेंट चिकित्सक का लंबित एवं बकाया स्टाइपेंड उनके बैंक खातों में जमा नहीं हो जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
एसोसिएशन ने बताया कि बार-बार प्रशासन के समक्ष यह विषय उठाने एवं सकारात्मक आश्वासनों के बावजूद अभी तक सभी रेजिडेंट्स का भुगतान नहीं हो पाया है। समय पर स्टाइपेंड का भुगतान प्रत्येक रेजिडेंट डॉक्टर का वैधानिक एवं न्यायोचित अधिकार है। लंबे समय से भुगतान लंबित रहने के कारण अनेक रेजिडेंट चिकित्सकों को आर्थिक एवं मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन ने दोहराया कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध नहीं, बल्कि सभी रेजिडेंट चिकित्सकों के साथ समान, पारदर्शी एवं न्यायसंगत व्यवहार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। संगठन प्रशासन से सकारात्मक संवाद के माध्यम से शीघ्र समाधान की अपेक्षा करता है।
एसोसिएशन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आज दिनांक 06 अगस्त 2026 को सायं 5:00 बजे तक सभी रेजिडेंट चिकित्सकों का लंबित एवं बकाया स्टाइपेंड उनके खातों में पूर्ण रूप से क्रेडिट नहीं किया जाता है, तो रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन कल से आंदोलन को अगले चरण में ले जाने के लिए बाध्य होगी। इसके अंतर्गत इमरजेंसी एवं आईसीयू सेवाओं के बहिष्कार का सामूहिक निर्णय लागू किया जाएगा।
रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन को आशा है कि प्रशासन संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ इस विषय का तत्काल समाधान करेगा, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े और आंदोलन का सम्मानजनक एवं सकारात्मक समाधान निकल सके।
“समान कार्य, समान अधिकार — सभी रेजिडेंट्स का लंबित स्टाइपेंड जारी होने तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा।”

