संवाददाता : प्रदीप शाक्य
तहसील नईसराय, जिला अशोकनगर
नईसराय। समाज में जरूरतमंद और असहाय लोगों की मदद करना केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा है। इसी सोच को लेकर समाजसेवी विवेक भार्गव और सुनील कुशवाह लंबे समय से क्षेत्र में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। दोनों ने अपनी मेहनत और सेवा भावना से कई जरूरतमंद लोगों की सहायता की और समाज के अन्य लोगों को भी इस नेक कार्य के लिए प्रेरित किया।
विवेक भार्गव और सुनील कुशवाह ने लोगों से अपील की कि जन्मदिन, शादी की सालगिरह और अन्य मांगलिक अवसरों पर महंगे होटल और रिसॉर्ट में खर्च करने के बजाय कुछ समय गरीब और असहाय बच्चों के साथ बिताकर उन्हें भी खुशियों में शामिल किया जाए। उनके इस प्रयास का धीरे-धीरे क्षेत्र में सकारात्मक असर देखने को मिला।
आज क्षेत्र में कई लोग अपने जन्मदिन, शादी की सालगिरह और अन्य विशेष अवसर गरीब बच्चों के बीच मनाने लगे हैं। इन आयोजनों में बच्चों को भोजन कराया जाता है, उन्हें जरूरत की सामग्री दी जाती है और उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया जाता है।
समाजसेवियों की इस पहल से न केवल जरूरतमंद परिवारों को सहायता मिल रही है, बल्कि समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना भी मजबूत हो रही है। एक समय जहां लोग अपने विशेष अवसर अपने परिवार और दोस्तों के साथ मनाते थे, वहीं अब कई लोग अपनी खुशियों को गरीब और असहाय बच्चों के साथ बांटकर उन्हें भी अपनेपन का एहसास करा रहे हैं।
विवेक भार्गव और सुनील कुशवाह का कहना है कि खुशियां बांटने से कम नहीं होतीं, बल्कि और बढ़ जाती हैं। उनका उद्देश्य है कि समाज का हर सक्षम व्यक्ति अपने जीवन के खास मौकों पर जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करे।
इन समाजसेवियों द्वारा शुरू की गई यह मुहिम अब धीरे-धीरे एक सकारात्मक बदलाव का रूप ले रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समाज के अन्य लोग भी इसी तरह आगे आएं तो जरूरतमंद परिवारों की जिंदगी में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।

