संवाददाता - मनाराम यादव
भाजपा मल्हार मंडल के शक्ति केंद्र सुकुल कारी में मासिक बैठक आयोजित :
मल्हार। भारतीय जनता पार्टी मल्हार मंडल के सुकुलकारी शक्ति केंद्र में प्रदेश एवं जिला नेतृत्व के निर्देशानुसार मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों तथा बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह ठाकुर ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। वहीं मंडल उपाध्यक्ष लोकनाथ बंजारे ने संगठन को मजबूत बनाने तथा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत करने पर जोर दिया।
मासिक बैठक के उपरांत संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में कार्यकर्ताओं एवं महिला मोर्चा की सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान संत रविदास जी के विचारों एवं सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

