संवाददाता : अनुराग श्रीवास्तव
जनपद के भीटी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद का मामला सामने आया है। भीटी निवासी पूजा त्रिपाठी पत्नी मनीष त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि भूमि का पंजीकृत बैनामा कराने के बाद कुछ लोग लगातार उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं तथा जमीन पर अवैध कब्जा करने का दबाव बना रहे हैं।
शिकायत पत्र के अनुसार, प्रार्थिनी ने गाटा संख्या 310 की भूमि का विधिवत पंजीकृत बैनामा कराया है। आरोप है कि विजय गुप्ता, संजय गुप्ता सहित अन्य लोगों ने बैनामा वापस करने का दबाव बनाया और ऐसा न करने पर पूरे परिवार को खत्म कर देने तथा फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। महिला का यह भी आरोप है कि कुछ दिन पहले भीटी बाजार में उनके पति मनीष त्रिपाठी के साथ मारपीट का प्रयास किया गया।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि विपक्षी फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से सरकारी और निजी जमीनों पर कब्जा करने का कार्य करते हैं। महिला ने अपने और परिवार की जान-माल को खतरा बताते हुए पुलिस अधीक्षक से तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच, आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
अब इस पूरे मामले में पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

