संवाददाता- संतोष कुमार
जनपद सिद्धार्थनगर तहसील नौगढ़ के अंतर्गत ग्राम जगदीशपुर गाण्ट (तप्पा- बखालपार, परगना व तहसील नौगढ़) में आज चकबंदी अधिकारी श्री राजेन्द्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में पंचायत भवन पर एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में उत्तर प्रदेश जोत चकबंदी अधिनियम की धारा 9A(2) से संबंधित पत्रावलियों (मुकदमों) की सुनवाई की गई और मौके पर ही उनका निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्री चन्दिका यादव और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। चकबंदी अधिकारी द्वारा चकबंदी प्रक्रिया और इसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। मौके पर ही समस्याओं और पत्रावलियों के शांतिपूर्ण निस्तारण से ग्रामीणों में काफी संतुष्टि और खुशी देखी गई।
पत्रावलियों के त्वरित निस्तारण में पेशकार (च.अ.) नौगढ़ श्री विजय चौधरी, चकबंदीकर्ता श्री नवीन मालिक और चकबंदी लेखपाल श्री तेज प्रताप चौधरी ने मुख्य रूप से सहयोग किया। इसके साथ ही ग्रामवासी श्री राजू, परशुराम, सोनू, विशम्भर आदि लोगों ने भी पूरी प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सहयोग दिया।
चकबंदी अधिकारी श्री राजेन्द्र प्रसाद यादव और चकबन्दी कर्ता श्री नवीन मलिक ने किसानों को अवगत कराया है कि आगामी 27 अगस्त 2026 को पुनः इसी ग्राम में धारा 9A(2) की शेष पत्रावलियों के निस्तारण के लिए शिविर लगाया जाएगा। उन्होंने सभी कृषकों से अपील की है कि वे उस दिन अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी पत्रावलियों के निस्तारण में सहयोग करें।

