युवराजेश्वर मंदिर में विधि विधान से हुआ रुद्राभिषेक :
साहिबगंज,मंडरो सावन की दूसरी सोमवारी के पावन अवसर पर सोमवार को मिजाचौकी थाना के समीप स्थित युवराजेश्वर मंदिर में भगवान भोलेनाथ का विधि विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में मिजाचौकी थाना प्रभारी रुपेश कुमार यादव ने श्रद्धापूर्वक भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर क्षेत्र में सुख शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। रुद्राभिषेक का आयोजन लक्ष्मण शास्त्री एवं जितेंद्र चौबे के नेतृत्व में संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का जल, दूध, दही, घी, शहद सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक किया गया। पूजा अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए विधि विधान से पूजा की। सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर युवराजेश्वर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल अर्पित कर पूजा अर्चना की और अपने परिवार की सुख समृद्धि तथा क्षेत्र में शांति एवं खुशहाली की प्रार्थना की। रुद्राभिषेक के दौरान पूरा मंदिर परिसर हर हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजता रहा। इस अवसर पर मिजाचौकी थाना के पुलिसकर्मियों के अलावा स्थानीय श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सावन की सोमवारी पर आयोजित रुद्राभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

