संवाददाता : मंजीत मौर्य
कृष्णा लॉन मुजुरी में मनाया गया पूर्व सांसद वीरांगना फूलन देवी का जन्मदिवस : NN81
महराजगंज विकास खंड पनियरा क्षेत्र के कृष्णा लॉन, मुजुरी में सोमवार को समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में पूर्व सांसद एवं वीरांगना स्वर्गीय फूलन देवी का जन्मदिवस समारोह श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और निषाद समाज के लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने फूलन देवी के जीवन, संघर्ष और सामाजिक सरोकारों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि काजल निषाद रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जनाब जफर अमीन मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन शत्रुधन कन्नौजिया ने किया। कार्यक्रम का आयोजन आनन्द निषाद के नेतृत्व में किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि फूलन देवी का जीवन संघर्ष, सामाजिक विषमता और महिलाओं के अधिकारों से जुड़ा रहा। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद संघर्ष करते हुए समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों की आवाज को मजबूती प्रदान की। वक्ताओं ने कहा कि फूलन देवी का राजनीतिक जीवन भी सामाजिक न्याय और समानता के मुद्दों से जुड़ा रहा, जिसे आज की पीढ़ी को समझने की जरूरत है।
इस दौरान वक्ताओं ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से पिछड़े, दलित और वंचित समाज के लोगों के हितों की अनदेखी हो रही है। वक्ताओं ने निषाद समाज से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने तथा अपने अधिकारों और सम्मान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि काजल निषाद ने कहा कि समाज की मजबूती उसकी एकता में है। उन्होंने कहा कि निषाद समाज को शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए संगठित प्रयास करने होंगे। उन्होंने युवाओं से सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि जफर अमीन ने कहा कि समाज के महापुरुषों और संघर्षशील व्यक्तित्वों के जीवन से प्रेरणा लेकर सामाजिक एकता को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक वर्ग की भागीदारी महत्वपूर्ण है और समाज को अपने हक की आवाज मजबूती से उठानी चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे शत्रुधन कन्नौजिया ने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। आयोजक आनन्द निषाद ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को अपने इतिहास और संघर्षशील व्यक्तित्वों से परिचित कराना तथा सामाजिक एकता को मजबूत करना है।

