ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे अभियान के तहत जिले के लगभग 35 विद्यालयों में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित :
भीलवाड़ा : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा श्री अभय जैन के निर्देशन में मंगलवार को ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे अभियान के अंतर्गत भीलवाड़ा न्याय क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में व्यापक विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रश्मि आर्य ने बताया कि भीलवाड़ा जिले में लगभग 35 सरकारी तथा निजी विद्यालयों में शोषण के खिलाफ आवाज उठाओ, स्वयं अपने रक्षक बनो तथा अच्छा स्पर्श, बुरा स्पर्श फर्क समझो, सुरक्षित रहो विषय पर भीलवाड़ा जिले के न्यायिक अधिकारीगण द्वारा विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान अधिकारीगण द्वारा बताया कि किसी भी प्रकार के अनुचित स्पर्श, व्यवहार अथवा शोषण की स्थिति में चुप नहीं रहना चाहिए। ऐसी परिस्थिति में अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को तत्काल जानकारी देने तथा आवश्यक सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही छात्राओं को व्यक्तिगत सुरक्षा, विधिक सहायता एवं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी विधिक समस्या या अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से आवश्यक विधिक सहायता प्राप्त की जा सकती है।
माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे अभियान के अंतर्गत भीलवाड़ा न्याय क्षेत्र के पूरे जिले में प्रतिमाह प्रथम तथा तृतीय मंगलवार को अलग अलग विषयों पर विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन नियमित रूप से न्यायिक अधिकारियों के द्वारा किया जा रहा है।
जिला मुख्यालय पर पवन कुमार सिंघल न्यायाधीश एसीडी कोर्ट, महेन्द्र कुमार डाबी न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय सं. 01, बृजेश पंवार न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय सं. 02, नवीन चैधरी न्यायाधीश एमएसीटी कोर्ट सं. 01, उपेन्द्र शर्मा न्यायाधीश एनडीपीएस न्यायालय, रेखा वाधवा न्यायाधीश पोक्सो न्यायालय सं. 01, मीना अग्रवाल न्यायाधीश वाणिज्य न्यायालय, नगेन्द्र सिंह न्यायाधीश अपर जिला न्यायाधीश सं. 01, पवन कुमार काला न्यायाधीश अपर जिला न्यायाधीश सं. 03, देवांगिनी औदिच्य मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भीलवाड़ा आदि न्यायिक अधिकारीगण द्वारा विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।


