संवाददाता: देवराज मीणा, मुंडावर
जिला: खैरथल-तिजारा (राजस्थान)
जनसमस्याओं को लेकर 3 अगस्त को मुंडावर SDM कार्यालय के सामने विशाल धरना, विधायक ललित यादव करेंगे नेतृत्व
मुंडावर, 1 अगस्त। क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर 3 अगस्त 2026 (सोमवार) को प्रातः 10:00 बजे मुंडावर उपखंड अधिकारी (SDM) कार्यालय के सामने विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस आंदोलन का नेतृत्व मुंडावर विधायक ललित यादव करेंगे। कार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों, युवाओं, व्यापारियों, महिलाओं एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
धरने के माध्यम से प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार, पेपर लीक, बेरोजगारी तथा युवाओं के साथ कथित अन्याय के मुद्दे उठाए जाएंगे। साथ ही नगरपालिका क्षेत्र में शुल्क वसूले जाने के बावजूद मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए जर्जर सड़कें, सफाई व्यवस्था, नालियों की सफाई, स्ट्रीट लाइटों की समस्या तथा अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
धरने की प्रमुख मांगों में नगरपालिका क्षेत्र के किसानों को भी प्रतिमाह 2000 यूनिट मुफ्त बिजली देने की मांग शामिल है। आयोजकों का कहना है कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज बुलंद की जाएगी और जनहित की मांगों को प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा।
कार्यक्रम विवरण:
दिनांक: 3 अगस्त 2026 (सोमवार)
समय: प्रातः 10:00 बजे
स्थान: SDM कार्यालय के सामने, मुंडावर (अलवर)
नेतृत्व: विधायक ललित यादव

