संवाददाता : प्रहलाद कुमार सिन्हा
जिले में पहली बार आयोजित हुई जिला स्तरीय इन्फ्लुएंसर मीट-2026, विधायक सुश्री लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में हुईं शामिल :
कोण्डागांव, 02 अगस्त 2026/ जिला प्रशासन कोण्डागांव द्वारा जिले में पहली बार जिला स्तरीय इन्फ्लुएंसर मीट-2026 का आयोजन स्थानीय ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी शामिल हुईं।
इस अभिनव पहल का उद्देश्य कोण्डागांव की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक पर्यटन स्थलों, बेलमेटल शिल्प, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों एवं व्यवसायों को डिजिटल माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना तथा जिले की प्रेरणादायक कहानियों एवं सकारात्मक पहलों को सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रसारित करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म युवाओं के लिए सकारात्मक कार्यों से जुड़ने और कोण्डागांव की पहचान को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है, क्योंकि वर्तमान में डिजिटल फ्रॉड के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर प्राकृतिक संसाधनों और नैसर्गिक सुंदरता से परिपूर्ण क्षेत्र है तथा बेलमेटल शिल्प के कारण कोण्डागांव की पहचान विश्वभर में है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापित होने के बाद पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि बस्तर तेजी से बदल रहा है और युवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग कर अपने व्यक्तित्व और भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने इन्फ्लुएंसर मीट के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग समाज और स्वयं के विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रतिभागियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग तथा साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की गईं।

