संवाददाता : प्रदीप शाक्य
जिला अशोकनगर म.प्र.
ईसागढ़ में पशु बांझपन निवारण शिविरों का आयोजन, 1230 पशुओं का हुआ उपचार और टीकाकरण :
ईसागढ़। पशुपालन विभाग ईसागढ़ द्वारा ग्रामीण पशुपालकों को बेहतर पशु स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकासखंड के चार ग्रामों रसूलपुर, बलदेवपुर, सारसखेड़ी और आकोलन में विशेष पशु बांझपन निवारण एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया गया। चारों शिविरों में कुल 1230 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार एवं टीकाकरण किया गया। पशुपालकों को आवश्यक दवाएं भी निःशुल्क वितरित की गईं।
शिविर में पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी डॉ. राजेंद्र बाथम, डॉ. अभय सिंह, प्रमोद गौर, संतोष सेन सहित कोर्स वर्क स्टाफ एवं विभागीय टीम मौजूद रही। टीम द्वारा पशुओं की जांच कर मौके पर ही आवश्यक उपचार किया गया तथा पशुपालकों को पशुओं की देखभाल एवं बीमारियों से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं में होने वाली मौसमी एवं अन्य बीमारियों का समय पर उपचार, शत-प्रतिशत टीकाकरण तथा पशुओं में प्रजनन क्षमता बढ़ाकर बांझपन की समस्या का निराकरण करना रहा।
इस दौरान विभागीय विशेषज्ञों ने पशुपालकों से संवाद कर उन्नत पशु प्रबंधन और आधुनिक प्रजनन तकनीकों की जानकारी दी। विशेष रूप से सॉर्टेड सीमेन (Sex-Sorted Semen) तकनीक के बारे में विस्तार से बताया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि इस तकनीक के माध्यम से मादा बछिया पैदा होने की संभावना बढ़ाई जा सकती है, जिससे डेयरी व्यवसाय में पशुपालकों की आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पशुपालक अपने पशुओं को लेकर पहुंचे। पशुओं की जांच, उपचार एवं टीकाकरण के साथ पशुपालकों को बांझपन निवारण और बेहतर पशु प्रबंधन के उपाय भी बताए गए। पशुपालकों ने पशुपालन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई।

