Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

रायसेन जिले के बाड़ी विकासखंड अंतर्गत शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला किशनपुर से शिक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल : NN81



 

संवाददाता : नेम सिंह चौहान 

रायसेन जिले के बाड़ी विकासखंड अंतर्गत शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला किशनपुर से शिक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल सामने आए हैं। यूजीसी न्यूज नेशन 81 की टीम ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में प्राचार्य, एक नियमित शासकीय शिक्षक एवं एक अतिथि शिक्षक राहुल ठाकुर उपस्थित मिले। विद्यालय में वर्तमान में कुल दो शासकीय शिक्षक और दो अतिथि शिक्षक पदस्थ हैं। लेकिन दूसरा अतिथि शिक्षक शीलेन्द्र कुमार चौहान चौहान निरीक्षण के दौरान विद्यालय में उपस्थित नहीं मिला।

जब इस संबंध में प्राचार्य से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि संबंधित अतिथि शिक्षक ने ओटीपी के माध्यम से जॉइनिंग प्रक्रिया पूरी की, लेकिन आज तक विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के लिए उपस्थित नहीं हुए। प्राचार्य का यह भी कहना है कि पिछले शैक्षणिक सत्र में भी संबंधित अतिथि शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय नहीं आए थे।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम थी। बच्चों के बैठने के लिए पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध नहीं था, वहीं सभी विद्यार्थियों को अब तक पाठ्यपुस्तकें भी उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।
टीम ने मध्याह्न भोजन योजना का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में लापरवाही के संकेत मिले। भोजन बनाने वाली महिला कर्मी निर्धारित मेन्यू के संबंध में सही जानकारी नहीं दे सकीं, जबकि शासन द्वारा प्रतिदिन का मेन्यू निर्धारित किया गया है।
वहीं, जब अनुपस्थित अतिथि शिक्षक शीलेन्द्र कुमार चौहान से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उनका कहना था कि वे संकुल प्राचार्य के निर्देश पर संकुल स्तर पर लिपिकीय कार्य कर रहे हैं, क्योंकि वहां बाबू उपलब्ध नहीं है।

हालांकि, अब सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि यदि अतिथि शिक्षक की नियुक्ति शासकीय माध्यमिक शाला किशनपुर में हुई है, तो क्या उन्हें किसी अन्य स्थान पर इस प्रकार कार्य करने का कोई वैधानिक प्रावधान है? यदि नहीं, तो विद्यालय से मानदेय प्राप्त करते हुए संकुल स्तर पर कार्य कैसे किया जा रहा है? और इस पूरे मामले पर संबंधित शिक्षा विभाग एवं जिम्मेदार अधिकारी अब तक मौन क्यों हैं?

न्यूज नेशन 81 इस मामले में शिक्षा विभाग का पक्ष भी प्रमुखता से प्रकाशित करेगा। जैसे ही विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त होगी, उसे भी दर्शकों तक निष्पक्ष रूप से पहुंचाया जाएगा।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes