केसीजी पुलिस द्वारा खैरागढ़, देर रात तक बेवजह घूमने वालों के विरुद्ध विशेष कार्रवाई लॉज एवं ढाबों की सघन जांच के साथ निगरानीशुदा एवं गुंडा बदमाशों के घरों पर दी गई दबिश :
जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) पुलिस द्वारा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 19 जुलाई 2026 की रात्रि 12:00 बजे से प्रातः 04:00 बजे तक थाना खैरागढ़ पुलिस द्वारा खैरागढ़, बाजार अतरिया एवं पांडादाह क्षेत्र में एक साथ व्यापक रात्रिकालीन कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान खैरागढ़ नगर के बरेठपारा, जमातपारा, बख्शी मार्ग, इतवारी बाजार, धरमपुरा, अमलीपारा, दाऊचौरा, बस स्टैंड, शिव मंदिर रोड, राज फैमिली क्षेत्र, गंजीपारा, रश्मि देवी कॉलोनी, खम्हरिया एवं इंदिरा आवास सहित पांडादाह एवं बाजार अतरिया क्षेत्र में सघन गश्त की गई। साथ ही थाना क्षेत्र के बैंक, एटीएम, सराफा बाजार, संवेदनशील स्थानों, लॉज एवं ढाबों की गहन जांच कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।
पुलिस टीम द्वारा खैरागढ़, बाजार अतरिया एवं पांडादाह में निवासरत निगरानीशुदा एवं गुंडा बदमाशों के घरों पर दबिश देकर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली गई तथा उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी समझाइश दी गई। इसके साथ ही फरार वारंटियों एवं अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के संभावित ठिकानों पर भी दबिश देकर उनकी उपस्थिति की जांच की गई।
अभियान के दौरान 04 निगरानीशुदा बदमाशों एवं 19 गुंडा बदमाशों के निवास स्थानों पर दबिश देकर वैधानिक कार्रवाई की गई तथा सभी को समाज की मुख्यधारा से जुड़कर कानून का पालन करने की समझाइश दी गई।
इसके अतिरिक्त देर रात्रि में बिना किसी उचित कारण के सार्वजनिक स्थानों पर घूमते पाए गए व्यक्तियों को थाना लाकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया तथा भविष्य में अनावश्यक रूप से देर रात तक सार्वजनिक स्थानों पर नहीं घूमने की सख्त हिदायत दी गई।
केसीजी पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रखेगी। साथ ही नागरिकों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, जिससे अपराधों की रोकथाम में जनसहयोग सुनिश्चित हो सके।

