खमनोर । नाथद्वारा उपखंड अधिकारी भागीरथ सिंह ने शनिवार को पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (एमजीजीएस) गांवगुड़ा का निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रार्थना सभा से लेकर अंतिम कालांश तक विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की उपस्थिति, अनुशासन, स्वच्छता, कक्षा संचालन तथा शिक्षण कार्य की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। विद्यालय के प्रधानाचार्य भंवरलाल गुर्जर ने अधिकारियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, पीएम श्री योजना के तहत संचालित नवाचारों एवं विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न गतिविधियों का नियमित संचालन किया जा रहा है। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा शिक्षकों को विद्यार्थियों में रचनात्मकता एवं नवाचार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अंत में उपखंड अधिकारी ने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट कार्य जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य खंड शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) भवानी शंकर पालीवाल भी मौजूद रहे।
एसडीएम ने पीएम श्री एमजीजीएस स्कूल का किया निरीक्षण : NN81
संवाददाता : मनीष पुरोहित
खमनोर(राजसमन्द)
Tags

