Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

छात्राओं की समस्याओं को लेकर एबीवीपी ने किया शासकीय कन्या शाला का घेराव : NN81

 

संवाददाता : प्रदीप बैरागी 

दो घंटे तक चला प्रदर्शन, अव्यवस्थाओं को लेकर प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन :

झारड़ा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) इकाई झारड़ा द्वारा शनिवार को नगर मंत्री दीपेश कुमावत के नेतृत्व में शासकीय कन्या शाला विद्यालय का लगभग दो घंटे तक घेराव कर विद्यालय में व्याप्त विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के विरोध में प्रदर्शन किया गया।

परिषद ने बताया कि लंबे समय से छात्राओं द्वारा शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि विद्यालय में कई शिक्षक-शिक्षिकाएं नियमित रूप से अध्ययन-अध्यापन पर अपेक्षित ध्यान नहीं देते। विद्यालय समय में कई बार कक्षाओं में पढ़ाने के बजाय एक स्थान पर बैठकर समय व्यतीत किया जाता है, जिससे छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

विद्यार्थी परिषद ने आरोप लगाया कि कुछ छात्राओं को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर खेल गतिविधियों, विशेषकर कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने से हतोत्साहित किया जा रहा है। वहीं विद्यालय में लंबे समय से नियमित खेल शिक्षक (स्पोर्ट्स टीचर) का अभाव बना हुआ है, जिसके कारण छात्राओं की खेल प्रतिभा प्रभावित हो रही है और शासन की खेल प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है।

निरीक्षण के दौरान परिषद कार्यकर्ताओं ने पाया कि विद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिससे छात्राओं में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है। शासन के निर्देशों के बावजूद शिकायत पेटी (कम्प्लेंट बॉक्स) भी विद्यालय में उपलब्ध नहीं मिली। इसके अलावा परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, छात्राओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की कमी, कुछ कक्षाओं में पर्याप्त फर्नीचर का अभाव, खेल सामग्री की कमी तथा नियमित शैक्षणिक मॉनिटरिंग नहीं होने जैसे मुद्दे भी सामने आए।

नगर मंत्री दीपेश कुमावत ने कहा कि छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि शीघ्र ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

प्रदर्शन के दौरान परिषद कार्यकर्ताओं ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि उनकी प्रत्येक जायज समस्या के समाधान के लिए विद्यार्थी परिषद सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी। अंत में प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर सभी समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes