कौशांबी जनपद में समर्थ किसान पार्टी के तत्वावधान में गुरुवार को ग्राम घोसरा ब्लॉक सरसवा में किसानो के साथ पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेमचंद्र केसरवानी ने बैठक की। बैठक में किसानो ने बारिश न होने का मुद्दा उठाया। किसानो का कहना था कि बारिश नही होने से खरीफ की फसलें प्रभावित हो रही है। धान रोपाई में भी भारी समस्या हो रही है। साथ ही धान की रोपी गई फसलें सूख रही हैं।
इस संबंध में प्रेमचंद्र केसरवानी ने कहा कि हर साल की अपेक्षा इस साल अभी तक मे काफी कम बारिश हुई है। आगे कहा कि बारिश न होने से किसान परेशान है और पशुओं को चारा भी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे मे जिला प्रशासन कौशांबी को तत्काल कौशाम्बी जिले को सूखाग्रस्त घोषित कर देना चाहिए। आगे कहा कि इस संबंध मे जल्द ही समर्थ किसान पार्टी के तत्वावधान में जिला मुख्यालय मंझनपुर मे प्रदर्शन किया जाएगा और ज्ञापन देकर कौशांबी जनपद को सूखाग्रस्त घोषित करवाने को लेकर मांग की जाएगी। इस अवसर पर विजय लोधी, परिहार लोधी, मुन्नू लोधी, मेवालाल यादव, घनश्याम सिंह आदि मौजूद रहे।

