मंगरोप में कृषि विभाग की औचक कार्रवाई: खाद-बीज विक्रेताओं का निरीक्षण,एक्सपायर्ड बीज हटवाए,बिल देने और स्टॉक रजिस्टर अपडेट रखने के निर्देश :
मंगरोप = किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद एवं बीज उपलब्ध कराने और कृषि आदानों की बिक्री में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को सहायक कृषि निदेशक डॉ.धीरेंद्र सिंह राठौड़ ने मंगरोप क्षेत्र में खाद-बीज विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान डॉ.राठौड़ ने खाद एवं बीज विक्रेताओं को प्रत्येक बिक्री पर किसानों को अनिवार्य रूप से पक्का बिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।साथ ही सभी दुकानदारों को स्टॉक रजिस्टर नियमित रूप से अद्यतन रखने,निर्धारित प्रारूप में मूल्य सूची दुकान पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने तथा कृषि विभाग के सभी नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए कहा।जांच के दौरान कुछ दुकानों पर अवधि पार(एक्सपायर्ड)बीज पाए जाने पर उन्हें तत्काल दुकान से हटवाया गया।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एक्सपायर्ड बीजों की बिक्री किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।यदि भविष्य में नियमों की अवहेलना पाई गई तो संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सहायक कृषि निदेशक ने किसानों से भी अपील की कि वे खाद,बीज अथवा अन्य कृषि आदान खरीदते समय हमेशा पक्का बिल अवश्य लें,ताकि किसी प्रकार की शिकायत या गुणवत्ता संबंधी समस्या होने पर उचित कार्रवाई की जा सके।इस दौरान कृषि अधिकारी प्रियंका पारेख, सहायक कृषि अधिकारी प्रहलाद राय सारस्वत तथा कृषि पर्यवेक्षक मंजू गुर्जर भी निरीक्षण दल के साथ मौजूद रहे।

