Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

अनियमित विद्युत आपूर्ति के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा ने विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, दुमका का पुतला किए दहन : NN81

रिपोर्ट - गौरव सिंह 

शिकारीपाड़ा में लगातार हो रही अनियमित विद्युत आपूर्ति, बार-बार बिजली कटौती एवं विद्युत विभाग की कथित लापरवाही के विरोध में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के अध्यक्ष विकास भगत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, दुमका का पुतला दहन कर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर युवा मोर्चा अध्यक्ष विकास भगत ने कहा कि शिकारीपाड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। प्रतिदिन 15- 16 घंटे तक बिजली काटी जा रही है तथा उपभोक्ताओं को पर्याप्त वोल्टेज भी उपलब्ध नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी न तो नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण करते हैं और न ही लाइन की पेट्रोलिंग करते दिखाई देते हैं। समय पर रखरखाव (मेंटेनेंस) नहीं होने के कारण आए दिन फॉल्ट एवं शॉर्ट सर्किट की घटनाएँ हो रही हैं। एक छोटे से फॉल्ट को खोजने और उसे ठीक करने में 8 से 10 घंटे तक का समय लग जाता है, जिससे आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि लगातार बिजली कटौती से विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। वर्तमान में स्नातक स्तर की परीक्षाएँ चल रही हैं, लेकिन बिजली नहीं रहने के कारण छात्र-छात्राएँ रात में अध्ययन नहीं कर पा रहे हैं। भीषण गर्मी में आम नागरिक, बुजुर्ग, महिलाएँ एवं बच्चे भी अत्यधिक परेशान हैं।विकास भगत ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग द्वारा लगाए जा रहे इंसुलेटर, कंडक्टर, बुशिंग, डिस्क इंसुलेटर, केबल एवं ट्रांसफॉर्मर जैसी विद्युत सामग्रियों की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है। उन्होंने मांग की कि जिन एजेंसियों से इन सामग्रियों की आपूर्ति की जा रही है, उनकी गुणवत्ता की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि कहीं घटिया गुणवत्ता की सामग्री उपयोग की गई है, तो संबंधित आपूर्तिकर्ताओं एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए, क्योंकि बार-बार उपकरणों के खराब होने से उपभोक्ताओं को लगातार बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि हल्की बारिश होने पर भी कई बार बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है और बारिश समाप्त होने के कई घंटे बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं की जाती। इससे लोगों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ती है। विकास भगत ने कहा कि कालीपाथर में लगभग सात वर्ष पूर्व प्रारंभ की गई पावर ग्रिड परियोजना आज तक पूर्ण नहीं हो सकी है, जो विद्युत विभाग की उदासीनता एवं लापरवाही को दर्शाती है। उन्होंने यह भी कहा कि (CPGRAMS) सहित विभिन्न माध्यमों से दर्ज कराई गई शिकायतों को भी लंबे समय से लंबित रखा गया है तथा शिकायतकर्ताओं को जांच प्रतिवेदन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।

उन्होंने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से भी बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी पहल करने की अपील की। युवा मोर्चा अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, लंबित शिकायतों का निस्तारण नहीं किया गया तथा विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा सड़कों पर उतरकर विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव करते हुए व्यापक जन आंदोलन एवं जोरदार विरोध-प्रदर्शन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes