महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत भीलवाड़ा में जागरूकता कार्यक्रम, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने निकाली रैली :
भीलवाड़ा : राजस्थान पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाने तथा महिलाओं से जुड़े कानूनों और सुरक्षा उपायों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को भीलवाड़ा जिले में महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। रिजर्व पुलिस लाइन में महिला पुलिसकर्मियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, वहीं शहर में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट एवं महिला पुलिसकर्मियों ने वाहन और पैदल रैली निकालकर लोगों को महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा (आईपीएस) के निर्देशानुसार आयोजित संवाद कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों को सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली छेड़छाड़, स्टॉकिंग तथा महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की एसओपी तथा महिला बीट अधिकारी योजना के बारे में भी प्रशिक्षण एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके बाद कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और जिले की महिला पुलिसकर्मियों ने शहर के प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल मार्च और वाहन रैली निकाली। रैली के दौरान आमजन को राजकॉप (RajCop) ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया गया तथा महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930 और आपातकालीन पुलिस हेल्पलाइन 112 सहित महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेश आर्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक SIUCAW रोहित कुमार, पुलिस उप अधीक्षक SIUCAW शिल्पा भादविया, पुलिस निरीक्षक पुष्पा कासोटिया तथा पुलिस निरीक्षक मेघना त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
महिला सुरक्षा संकल्प अभियान का उद्देश्य महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना, अपराधों की रोकथाम को मजबूत करना तथा समाज में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। राजस्थान पुलिस का यह अभियान पूरे प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर जनभागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

