भीलवाड़ा में अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक की तैयारियां तेज, आयोजन समिति का गठन :
भीलवाड़ा = वस्त्रनगरी भीलवाड़ा में प्रस्तावित अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक एवं सामाजिक जागृति महासम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए राजस्थान प्रांतीय तैलिक साहू महासभा ने आयोजन समिति का गठन करते हुए विभिन्न पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
महासभा के प्रदेशाध्यक्ष देवीलाल साहू द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार वरिष्ठ पत्रकार एवं महासभा के प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रहलाद दिया (बड़ी हरणी) को कार्यक्रम का संयोजक नियुक्त किया गया है। वहीं महासभा के राष्ट्रीय युवा उपाध्यक्ष देवराज तेली तथा विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी एडवोकेट कुशल साहू को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
नियुक्तियों के साथ ही आयोजन की रूपरेखा तैयार करने और विभिन्न व्यवस्थाओं के समन्वय का कार्य शुरू कर दिया गया है। समिति कार्यक्रम स्थल के चयन, उपसमितियों के गठन, प्रशासनिक अनुमतियों, अतिथि स्वागत, आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का कार्य करेगी। कार्यक्रम से जुड़े सभी महत्वपूर्ण निर्णय प्रदेश संगठन के मार्गदर्शन में लिए जाएंगे।
महासभा के अनुसार भीलवाड़ा में आयोजित होने वाला यह दो दिवसीय राष्ट्रीय महासम्मेलन समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक जागरूकता की दिशा में ऐतिहासिक साबित होगा। सम्मेलन में देशभर से राष्ट्रीय पदाधिकारी, विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि, समाज के जनप्रतिनिधि एवं करीब 20 हजार समाजबंधुओं के शामिल होने की संभावना है। साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी रहेगी।
प्रदेशाध्यक्ष देवीलाल साहू ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव और समन्वय क्षमता से आयोजन भव्य एवं सफल होगा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अधिकाधिक सहयोग और सहभागिता की अपील करते हुए इस आयोजन को समाज की एकजुटता और शक्ति का प्रतीक बनाने का आह्वान किया।
आयोजन समिति के गठन के साथ ही भीलवाड़ा में होने वाले राष्ट्रीय महासम्मेलन को लेकर समाजजनों में उत्साह का माहौल है और तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

.jpeg)