संवाददाता : अनिल मालवीय
हरदा जिले कि तहसील सिराली मे कलेक्टर के निर्देशों के पालन में तहसील प्रशासन ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम मुंडासेल स्थित सयानी नदी में छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से रेत उत्खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गईं। जब्त वाहनों को सिराली थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है जानकारी के अनुसार, सयानी नदी में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रविवार दोपहर तहसीलदार विजय साहू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान नदी में जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा था तहसीलदार ने मौके पर मौजूद लोगों से खनन की वैध अनुमति और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन कोई भी वैध अनुमति उपलब्ध नहीं कराई जा सकी। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी और दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर सिराली थाना भेज दिए।
तहसीलदार विजय साहू ने बताया कि मामले की सूचना खनिज शाखा को भेजी जा रही है। संबंधित प्रावधानों के तहत दोषियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जुर्माना एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध उत्खनन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

