पाकुड़िया के ग्रामीण इलाकों में हफ़्तों से अंधेरा, जिला परिषद अध्यक्ष ने बिजली विभाग को लिखा पत्र, तुरंत ट्रांसफार्मर बदलने की मांग : NN81
पाकुड़। जिला परिषद अध्यक्ष जुली ख्रिष्टमणी हेम्ब्रम ने पाकुड़िया प्रखंड के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की गंभीर समस्या को देखते हुए विद्युत विभाग के प्रति कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने विद्युत आपूर्ति प्रमंडल पाकुड़ के कार्यपालक अभियंता को एक आधिकारिक पत्र भेजकर प्रखंड के अंतर्गत आने वाले कई गांवों और टोलों में लंबे समय से खराब पड़े ट्रांसफार्मरों को अविलंब बदलने या उनकी मरम्मत कराने का आग्रह किया है। जिला परिषद अध्यक्ष ने साफ तौर पर कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर जलने और खराब होने के कारण स्थानीय आम जनता को भीषण गर्मी के इस मौसम में भारी दिक्कतों और अंधकार का सामना करना पड़ रहा है, जिससे लोगों में रोष व्याप्त है।
अपने पत्र में उन्होंने उन विशिष्ट क्षेत्रों का प्रमुखता से उल्लेख किया है जहां बिजली संकट सबसे गहरा है। उन्होंने बताया कि मोंगलाबॉंध पंचायत के ढेकीडुबा सड़क टोला का २५ केवी का ट्रांसफार्मर, लागडुम पंचायत के अंतर्गत लागडुम डहारनंगी टोला का १६ केवी का ट्रांसफार्मर, मडगाँव लतार टोला का १६ केवी का ट्रांसफार्मर और पाकुड़िया ग्वालपाड़ा का १०० केवी का मुख्य ट्रांसफार्मर पूरी तरह से खराब पड़ा हुआ है। इन सभी क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर दुरुस्त न होने से दैनिक जनजीवन पूरी तरह पटरी से उतर गया है और खेती-किसानी से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है।
जिला परिषद अध्यक्ष जुली ख्रिष्टमणी हेम्ब्रम ने जनहित को सर्वोपरि बताते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे बिना किसी देरी के इन सभी गांवों में नए ट्रांसफार्मर लगाने या उन्हें ठीक करने के लिए आवश्यक और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने इस संबंध में की गई कार्रवाई से अपने कार्यालय को भी अवगत कराने को कहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इस पत्र की एक प्रतिलिपि पाकुड़ के उपायुक्त (डीसी) को भी सादर सूचनार्थ भेजी गई है ताकि प्रशासनिक स्तर पर भी इस समस्या का जल्द से जल्द निवारण कराया जा सके।
संगवादाता जगबंधु पाल

