वाइब्रेंट गाँव सुरमा में एसएसबी ने लगाया पशु चिकित्सा शिविर, 260 पशुओं का हुआ उपचार :
पलिया खीरी।पलिया में 39वीं वाहिनी एसएसबी की सीमा चौकी सोनहा के कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वाइब्रेंट गाँव सुरमा में एक दिवसीय पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर क्षेत्रक मुख्यालय एसएसबी पीलीभीत के कमांडेंट (पशु चिकित्सा) डॉ. गुरविंदर जीत सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। शिविर का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना और मवेशियों में होने वाली विभिन्न बीमारियों की रोकथाम व उनका समय पर उपचार करना था।
शिविर के दौरान डॉक्टरों की टीम ने पशुओं का गहन स्वास्थ्य परीक्षण कर बीमार मवेशियों का इलाज किया। इसके साथ ही उपस्थित पशुपालकों को पशुओं के उचित रख-रखाव, बेहतर पोषण, समय पर टीकाकरण तथा मौसमी रोगों से बचाव के संबंध में जरूरी और महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस जन कल्याणकारी शिविर में सीमाई इलाके के कुल 24 पशुपालकों के 260 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं। एसएसबी की इस अनूठी और मददगार पहल की स्थानीय ग्रामीणों ने जमकर सराहना की और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की इच्छा जताई। गौरतलब है कि सशस्त्र सीमा बल सीमा सुरक्षा के साथ-साथ नागरिक कल्याण और सामुदायिक विकास के कार्यों में भी निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

