Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

पेपर लीक, बेरोजगारी और छात्रों पर कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना; ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की अनुमति निरस्त किए जाने पर भी उठाए सवाल : NN81

 


NEWS NATION81 | सिवनी

विशेष रिपोर्ट- ऐश्वर्य सुमित मिश्रा

सिवनी, 22 जुलाई 2026। जिला कांग्रेस कमेटी, सिवनी द्वारा बुधवार को इंदिरा भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुणाल चौधरी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।

कुणाल चौधरी ने कहा कि देश में छात्रों, गरीबों, शोषितों, वंचितों और बेरोजगार युवाओं के अधिकारों की आवाज राहुल गांधी लगातार उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश का युवा आज शिक्षा और रोजगार के गंभीर संकट से गुजर रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की कमजोरियों का सीधा असर करोड़ों युवाओं के भविष्य पर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्र संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का काम कर रहे हैं।

छात्रों पर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस का सवाल

कुणाल चौधरी ने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों की मांग को लेकर आवाज उठाने वाले छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज किया जाना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।

उन्होंने सिवनी में युवक कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की अनुमति निरस्त किए जाने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अनुमति मिलने के बाद कार्यक्रम को निरस्त किया जाना गंभीर विषय है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रशासन राजनीतिक दबाव में काम कर रहा है।

कुणाल चौधरी ने कहा कि पेपर लीक सहित छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को राहुल गांधी ने कोटा और देहरादून सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित युवा संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से उठाया है। उन्होंने लोकसभा में भी युवाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है।

राहुल गांधी सहित कांग्रेस सांसदों की कार्रवाई पर भी सवाल

कुणाल चौधरी ने कहा कि छात्रों की मांगों को लेकर प्रधानमंत्री आवास के बाहर किए जा रहे लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस सांसदों के साथ की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।

‘पेपर लीक के बाद भी जवाबदेही तय नहीं’ : नरेश मरावी

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नरेश मरावी ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा देश के छात्रों की मांगों को लेकर किए जा रहे लोकतांत्रिक आंदोलन को दबाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई की गई।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सहित कांग्रेस सांसदों की गिरफ्तारी लोकतंत्र के लिए आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई का उदाहरण है।

मरावी ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में रेल दुर्घटना, 26/11 हमले या भ्रष्टाचार के आरोपों जैसे मामलों में मंत्रियों की जवाबदेही तय की जाती थी और कई बार इस्तीफे भी लिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में गंभीर घटनाओं और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों के बावजूद जिम्मेदारी तय नहीं की जा रही है।

उन्होंने कहा कि पेपर लीक के मामलों को लेकर देशभर के छात्र और विपक्ष केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने दावा किया कि छात्रों और युवाओं की समस्याओं की अनदेखी का राजनीतिक परिणाम भाजपा को आने वाले समय में भुगतना पड़ेगा।

पत्रकार वार्ता में ये रहे मौजूद

पत्रकार वार्ता में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार खुराना, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष ब्रजेश सिंह बघेल, जेपीएस तिवारी, राजिक अकील, देवी सिंह चौहान, यशपाल भलावी, शिव सनोडिया, रंजीत यादव, आदित्य ‘मोंटू’ भूरा, तेजसिंह रघुवंशी, देवेन्द्र ठाकुर, तनवीर अहमद, नितिन डेहरिया, शिवदीप डेहरिया, सुनील पंचेश्वर सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नोट : समाचार में शामिल आरोप एवं राजनीतिक दावे संबंधित कांग्रेस नेताओं द्वारा पत्रकार वार्ता में दिए गए बयानों पर आधारित हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes