मांडल में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका :
मांडल (भीलवाड़ा) : प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश तथा जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा देहात के अध्यक्ष रामलाल जाट के आह्वान पर बुधवार को मांडल तहसील कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग उठाई।
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से लाखों विद्यार्थियों और युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के कारण युवाओं का सरकार और परीक्षा प्रणाली से विश्वास उठता जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कानून बनाया जाए। साथ ही पेपर लीक से प्रभावित विद्यार्थियों एवं उनके परिवारों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की जवाबदेही तय करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। इसके अलावा छात्रों और युवाओं पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने, संसद में पेपर लीक मुद्दे पर विस्तृत चर्चा कराने तथा विद्यार्थियों से सार्वजनिक माफी मांगने की भी मांग रखी।
धरना-प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष विकास सुवालका, नारायण बिरला, जगदीश चौधरी, लक्ष्मीलाल बिरला, सत्यनारायण मंडोरा, घनश्याम जोशी, प्रकाश गुर्जर, अनवर अंसारी, सुरेश पारीक, महावीर वैष्णव, रतनलाल बेरवा, सुमित बेरवा, जैनुअल शेख, रतनजी सालवी, सत्यनारायण मूंदड़ा, सूर्यप्रकाश सारस्वत, राजेंद्र सारस्वत, लादूलाल गाडरी, मुकेश सुथार, प्रेम चोपड़ा, कालू जाट, राजू जाट, नारायण कुमार, गोपाल गाडरी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

