कांवड़ यात्रा को लेकर पलिया कोतवाली में बैठक, शिवभक्तों के लिए जरूरी निर्देश :
पलिया खीरी।आगामी श्रावण मास में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार शाम पलिया कोतवाली परिसर में एक बैठक आयोजित की गई। क्षेत्राधिकारी पलिया जितेंद्र सिंह परिहार की अध्यक्षता और प्रभारी निरीक्षक शिवजी दुबे की मौजूदगी में हुई इस बैठक में क्षेत्र के शिवभक्तों और कांवड़ संघ के लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और हादसों से बचने के लिए कई जरूरी नियम बताए।
सीओ जितेंद्र सिंह परिहार ने कहा कि यात्रा के दौरान दो ट्रॉलियों को एक साथ जोड़कर न चलाया जाए। साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच वाले हिस्से या ट्रॉली के किनारों पर बैठकर यात्रा करने पर पूरी तरह रोक रहेगी। उन्होंने अपील की कि सभी शिवभक्त सड़क पर हमेशा अपनी बाईं तरफ कतार बनाकर ही चलें। भीड़ के दोनों किनारों पर सुरक्षा के लिए रस्सियां लगा लें ताकि मुख्य मार्ग पर चलने वाले अन्य वाहनों से कोई दुर्घटना न हो। नदी या घाटों से जल भरते समय सावधानी बरतने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी शिवभक्त गहराई वाले स्थानों में न जाए।
थाना प्रभारी शिवजी दुबे ने कहा कि यात्रा के दौरान डीजे को बहुत तेज आवाज में न बजाया जाए और न ही अधिक ऊंचाई वाले डीजे साथ लेकर चलें, क्योंकि इससे बिजली के तारों से हादसे का खतरा रहता है। यात्रा में केवल भक्तिपूर्ण गाने ही बजाए जा सकेंगे। इसके साथ ही यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार का नशा करने और वाहनों को तेज रफ्तार में चलाने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। पुलिस ने सभी से त्योहार को भाईचारे के साथ मनाने की अपील की और कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।

