Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

विक्रमपुर में सजी साइबर सुरक्षा की चौपाल, वीडियो दिखाकर चंदेरी पुलिस ने बताए ठगी से बचने के उपाय : NN81


विक्रमपुर में सजी साइबर सुरक्षा की चौपाल, वीडियो दिखाकर चंदेरी पुलिस ने बताए ठगी से बचने के उपाय : 

चंदेरी --  बढ़ते साइबर अपराधों के बीच ग्रामीणों को डिजिटल ठगी से बचाने के उद्देश्य से चंदेरी पुलिस द्वारा "सेफ क्लिक 2.0" अभियान के तहत ग्राम विक्रमपुर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। गांव में टेंट लगाकर बड़ी साइबर सुरक्षा चौपाल सजाई गई, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों ने भाग लेकर साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन एवं प्रोजेक्टर के माध्यम से साइबर ठगी के वास्तविक मामलों के वीडियो प्रदर्शित किए गए। इनमें डिजिटल अरेस्ट, फर्जी बैंक कॉल, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी और संदिग्ध लिंक के जरिए होने वाले अपराधों के तरीके दिखाए गए। प्रत्येक वीडियो के बाद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी किस प्रकार लोगों को अपने झांसे में लेकर आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं और उनसे कैसे सतर्क रहा जा सकता है।

एसडीओपी महेश शर्मा ने कहा कि तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या लालच भरे ऑफर पर भरोसा न करें और अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

थाना प्रभारी प्रशांत यादव ने कहा कि साइबर अपराधी हर दिन नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। यदि किसी भी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो बिना देर किए तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर आर्थिक नुकसान को कम किया जा सके।

कार्यक्रम में साइबर सेल प्रभारी नरेश रावत ने भी साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए लोगों को थिंक बिफोर यू क्लिक और बी अवेयर, बी सिक्योर बी सेफ़ का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि सतर्कता और सही समय पर शिकायत ही साइबर अपराधियों के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार है।

इस अवसर पर एसडीओपी महेश शर्मा, थाना प्रभारी प्रशांत यादव, साइबर सेल प्रभारी नरेश रावत, एसआई जूली रघुवंशी, एएसआई अभिजीत बिसेन, केके शर्मा, जनपद सदस्य जितेंद्र बुंदेला, सरपंच पति कमलेश जैन सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, ग्रामीणजन एवं युवा उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes