ओवरलोड वाहनों से प्रधानमंत्री सड़क योजना की सड़क क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग :
चंदेरी (अशोकनगर)। तहसील चंदेरी की ग्राम पंचायत गोरा-सेहराई क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित सड़क पर भारी ओवरलोड वाहनों के आवागमन से सड़क को गंभीर क्षति पहुंचने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गोरा-सेहराई के पास संचालित एलएंडटी कंपनी के कार्य के लिए लगभग 400 क्विंटल (करीब 40 टन) भार लेकर भारी वाहन लगातार इस सड़क से गुजर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क लगभग 10 टन क्षमता के वाहनों के आवागमन को ध्यान में रखकर बनाई गई थी, जबकि इससे कई गुना अधिक भार वाले वाहनों के संचालन से सड़क की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है और जगह-जगह सड़क क्षतिग्रस्त होने लगी है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते ओवरलोड वाहनों के आवागमन पर रोक नहीं लगाई गई तो प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित सड़क पूरी तरह खराब हो सकती है, जिससे क्षेत्र के आम नागरिकों और किसानों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग तथा संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर ओवरलोड वाहनों के आवागमन पर प्रभावी रोक लगाने एवं क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

