मिल्लत फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन द्वारा "एक साल हरियाली के नाम" अभियान का शुभारंभ : NN81
मिल्लत फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन द्वारा आज "एक साल हरियाली के नाम" अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर उन्हें सुरक्षित एवं संरक्षित रखने का संकल्प लेना है।
संस्था के पदाधिकारी सय्यद ओवैस अली ने बताया कि यह अभियान पूरे एक वर्ष तक निरंतर चलाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण, पौधों की देखभाल तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी निभाना भी है।
इस अवसर पर उपस्थित मुसब अहमद, अकमल हुसैन, फ़ैज़ान खान ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की। संस्था का मानना है कि प्रकृति की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है तथा सामूहिक प्रयासों से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
मिल्लत फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन ने सभी नागरिकों से इस अभियान में सहभागी बनने तथा *"एक साल हरियाली के नाम"* संकल्प के साथ कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया।

