Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

कलेक्टर श्रीमती भदौरिया के निर्देशः निर्माण कार्य समय-सीमा में हों पूरे, गुणवत्ता में कमी पर होगी वसूली : NN81


 कलेक्टर श्रीमती भदौरिया के निर्देशः निर्माण कार्य समय-सीमा में हों पूरे, गुणवत्ता में कमी पर होगी वसूली :  

 कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निर्माण विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहपुरा एसडीएम श्री ऐश्वर्य वर्मा, डिंडौरी एसडीएम श्री रामबाबू देवांगन, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, बजाग एसडीएम श्री अक्षय डिगरसे सहित लोक निर्माण विभाग, हाउसिंग बोर्ड, एमपीआरडीसी, पीआईयू, जिला शिक्षा विभाग, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण, जल संसाधन विभाग एवं अन्य निर्माण संबंधी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले में संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समय-सीमा की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।

       कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने सभी लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि भू-अर्जन की प्रक्रिया राजस्व विभाग के समन्वय से समय पर पूरी की जाए तथा लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाकर निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब न होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि बजट के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निर्माण कार्य कराए जाएं तथा विशेष रूप से सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार हों। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी शासकीय निर्माण कार्य शिकायत का कारण नहीं बनना चाहिए तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

        बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्य अनुबंध के अनुरूप एवं निर्धारित गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। साथ ही ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर आवश्यक संकेतक बोर्ड लगाए जाएं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत ऐसी सड़कें बनाई जाएं जिनमें बार-बार मरम्मत की आवश्यकता न पड़े। कलेक्टर ने सभी निर्माण विभागों को पूर्ण हो चुके कार्यों पर सूचना पटल लगाने, निर्माणाधीन विद्यालयों को शीघ्र पूर्ण करने तथा स्वीकृत कार्यों को समय पर प्रारंभ कर निर्धारित अवधि में पूरा करने के निर्देश दिए। स्कूल शिक्षा विभाग से जुड़े निर्माण कार्यों में गुणवत्तापूर्ण प्रवेश द्वार बनाने तथा पूर्ण कार्यों का परीक्षण कर संतोषजनक पाए जाने पर ही हैंडओवर लेने के निर्देश भी दिए।

        आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने पंचायती राज विभाग के अंतर्गत सामुदायिक भवन, आंगनवाड़ी भवन एवं पंचायत भवन सहित अन्य निर्माण कार्यों को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में यदि गुणवत्ता संबंधी कोई कमी पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी से वसूली की कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने सीईओ, सचिव एवं एई को निर्देश दिए कि वे संबंधित निर्माण कार्यों का नियमित रूप से कार्यस्थल पर पहुंचकर निरीक्षण करें तथा कार्यों में  प्रगति प्रगति लाएं।

        कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि वे नियमित रूप से अपने कार्यक्षेत्र का भ्रमण कर आमजन से संवाद स्थापित करें, ताकि स्थानीय समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। उन्होंने पुल निर्माण से जुड़े विभागों को निर्माण के बाद शेष मलबा तत्काल हटाने एवं साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षा ऋतु में अवरुद्ध होने वाले मार्गों को व्यवस्थित कर आवागमन सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सड़क, भवन, आवासीय एवं अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes