सीमावर्ती गांव हरद्वाही मोतीपुर में एसएसबी की अनूठी पहल 91 पशुओं का हुआ निःशुल्क उपचार :
पशु चिकित्सा शिविर में पशुपालकों को दवाएं, परामर्श और वैज्ञानिक पशुपालन की दी गई जानकारी :
निघासन-खीरी। सीमावर्ती क्षेत्रों में जनकल्याण और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तृतीय वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), लखीमपुर-खीरी द्वारा शुक्रवार को सीमा चौकी डागा के कार्यक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हरद्वाही, मोतीपुर में निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर (VET OPD) का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पशुपालकों ने अपने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर निःशुल्क उपचार और आवश्यक दवाओं का लाभ उठाया। क्षेत्रक मुख्यालय के कमांडेंट प्रमोद देवरानी के निर्देशन में आयोजित शिविर में पशु चिकित्सक डॉ. शालिनी परिहार के नेतृत्व में कुल 91 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। साथ ही 29 पशुपालकों को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित आहार, संक्रामक रोगों से बचाव, नियमित टीकाकरण तथा वैज्ञानिक पशुपालन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई और आवश्यक दवाएं निःशुल्क वितरित की गईं।

