बाड़ी में अन्नदाताओं की हुंकार : 8 जुलाई को मांगों के समर्थन में निकलेगी विशाल ट्रैक्टर रैली, मूंग की 100% खरीदी और बिजली-पानी को लेकर मोर्चा
रायसेन जिले की बाड़ी तहसील के अंतर्गत आने वाले बाड़ी और भारतकच्छ क्षेत्र के किसानों में विभिन्न प्रशासनिक और कृषि समस्याओं को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। अपनी जायज़ मांगों को लेकर क्षेत्र के किसान आगामी बुधवार, 08 जुलाई 2026 को दोपहर 1:00 बजे एक ऐतिहासिक ट्रैक्टर रैली निकालने जा रहे हैं। यह रैली मंगलवारा बाजार से प्रारंभ होकर तहसील कार्यालय तक पहुंचेगी।
किसानों की प्रमुख मांगें जिन पर टिका है आंदोलन:
1. मूंग की 100% खरीदी: किसानों की मांग है कि मूंग का एक-एक दाना सरकार द्वारा तुलावाया जाए।
2. ई-टोकन सिस्टम हो बंद: किसानों के लिए परेशानी का सबब बन चुके ई-टोकन सिस्टम को बंद कर पर्याप्त खाद की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
3. 10 घंटे बिजली की आपूर्ति: कृषि कार्य के लिए हर फीडर से किसानों को कम से कम 10 घंटे बिजली दी जाए।
4. बारना बांध की नहरें खुलें: खेतों में पानी की कमी को देखते हुए बारना बांध की नहरों को तत्काल खोलने की मांग की गई है।
5. स्मार्ट मीटर का विरोध: ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाना बंद किया जाए और जो मीटर लग चुके हैं, उन्हें तत्काल हटाया जाए।
यह आंदोलन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बाड़ी एवं भारतकच्छ तथा किसान कांग्रेस कमेटी के संयुक्त निवेद्न पर आयोजित किया जा रहा है। किसानों का स्पष्ट कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते उनकी जायज़ मांगों पर विचार नहीं किया, तो यह आंदोलन उग्र रूप धारण कर सकता है।

