राजगढ़ | संवाददाता: राकेश भीलाला
राजगढ़ पुलिस ने पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्षु-360 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 4 एवं वारदात में प्रयुक्त 2 सहित कुल 6 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी (भापुसे) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे के निर्देशन एवं एसडीओपी अरविंद सिंह राठौर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक मंजू मखेनिया के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर राजगढ़ कोतवाली और खिलचीपुर क्षेत्र में कई बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बनवारी पिता घनश्याम तंवर (19 वर्ष) निवासी ग्राम गणेशपुरा लोढ़ान, हाल निवासी ग्राम कोलुखेड़ी, थाना दांगीपुरा, जिला झालावाड़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने विभिन्न मामलों में चोरी हुई CD 110 Dream, Hero Splendor और Honda SP Shine 125 सहित कुल 6 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। बरामद अन्य वाहनों के संबंध में भी पूछताछ जारी है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी मंजू मखेनिया, उप निरीक्षक विकास राठौर, प्रधान आरक्षक मानसिंह भिलाला, कुलदीप कुंभकार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
राजगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें, वाहन सुरक्षित स्थान पर पार्क करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 पर दें।

