अज्ञात वाहन की टक्कर से बैल गंभीर घायल, गोसेवकों ने बचाई जान:
मुजरास टोल प्लाजा की व्यवस्था पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने पशु एंबुलेंस की मांग की:
भीलवाड़ा : नेशनल हाईवे-758 स्थित मुजरास टोल प्लाजा के समीप शिव नगर में गुरुवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बैल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल पशु काफी देर तक सड़क पर तड़पता रहा, जिससे स्थानीय लोगों में टोल प्रबंधन की व्यवस्थाओं को लेकर आक्रोश फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बैल सड़क पार कर रहा था, तभी भीलवाड़ा की ओर से तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बैल उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और उसके अगले पैरों तथा पीठ में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही गोसेवक तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से घायल बैल को रस्सी और तिरपाल की सहायता से वाहन में लादकर भीलवाड़ा के प्राथमिक पशु चिकित्सा केंद्र पहुंचाया गया। वहां पशु चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार कर पट्टी की। चिकित्सकों के अनुसार बैल की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन उसे निगरानी में रखा गया है।
घटना के बाद गोसेवकों और ग्रामीणों ने मुजरास टोल प्लाजा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि टोल प्लाजा पर प्रतिदिन लाखों रुपये की वसूली होती है, लेकिन आपातकालीन स्थिति में पशुओं के लिए एंबुलेंस या प्राथमिक सहायता जैसी कोई व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। उनका आरोप है कि हादसे के दौरान भी टोल प्रबंधन की ओर से कोई मदद नहीं मिली।
ग्रामीणों ने सरकार से मांग की कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर संचालित सभी टोल प्लाजा पर पशु एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार सुविधा तथा आपातकालीन सहायता व्यवस्था अनिवार्य की जाए। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों से गुजरने वाले हाईवे पर मवेशियों का सड़क पर आना सामान्य बात है, इसलिए ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध होना जरूरी है।

